भारत में घरों के दाम में सालाना आधार पर आई गिरावट, पढ़े पूरी खबर

मुंबई,VON NEWS: कैलेंडर वर्ष 2020 की तीसरी तिमाही में ‘ग्लोबल होम प्राइस इंडेक्स’ में भारत सात पायदान लुढ़ककर 54वें स्थान पर रह गया। वहीं, कैलेंडर वर्ष 2019 की तीसरी तिमाही में भारत 47वें स्थान पर रहा था। देश में मकान की कीमतों में सलाना आधार पर 2.4 फीसद की गिरावट की वजह से इस इंडेक्स में भारत सात पायदान लुढ़क गया।

अंतरराष्ट्रीय प्रोपर्टी कंसल्टेंट नाइट फ्रैंक की हालिया रिसर्च रिपोर्ट ‘ग्लोबल हाउस प्राइस इंडेक्स Q3 2020′ में ऐसा कहा गया है। भारत पिछली तिमाही में भी इस सूचकांक में 54वें पायदान पर रहा था। इस सूचकांक में 56 देशों को शामिल किया गया है।

इस ‘ग्लोबल हाउस प्राइस इंडेक्स’ में दुनियाभर के 56 देशों एवं क्षेत्रों की आवासीय परिसंपत्तियों की कीमतों में उतार-चढ़ाव का आकलन किया जाता है। इसमें आधिकारिक आंकड़ों पर गौर किया जाता है।

सालाना आधार पर देखा जाए तो 2019 की तीसरी तिमाही के मुकाबले 2020 की तीसरी तिमाही में तुर्की में आवासीय संपत्ति की कीमतों में 27.3 फीसद की वृद्धि देखने को मिली। इस तरह वह इस सूची में पहले स्थान पर बना हुआ है। इसके बाद न्यूजीलैंड का स्थान आता है, जहां सालाना आधार पर आवासीय परिसंपत्ति के मूल्य में 15.4 फीसद का उछाल देखने को मिला। लक्जमबर्ग में यह आंकड़ा सालाना आधार पर 13.4 फीसद पर है।

इस कैलेंडर वर्ष की तीसरी तिमाही में मोरक्को में सबसे खराब प्रदर्शन देखने को मिला। यहां सालाना आधार पर मकान की कीमतों में 3.3 फीसद की गिरावट दर्ज की गई। इस रिपोर्ट के मुताबिक आयरलैंड, स्पेन, भारत और हांगकांग का भी सालाना आधार पर प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button