दूसरे राज्यों से आने वाले 784 व्यक्तियों की बॉर्डर पर जांच,पढ़िए पूरी खबर
देहरादून,VON NEWS: दूसरे राज्यों से देहरादून आने वाले व्यक्तियों की सीमा पर निरंतर रैंडम जांच की जा रही है। गुरुवार को रिकॉर्ड 756 व्यक्तियों की एंटीजन जांच की गई। इनमें से 18 व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए। राहत की बात यह भी है कि रेलवे स्टेशन पर भी अब रैंडम जांच शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव के मुताबिक आशारोड़ी चेकपोस्ट पर 584 व्यक्तियों की जांच की गई। यहां पर 13 व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए। वहीं, रेलवे स्टेशन पर 119 की जांच की गई और पांच व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर एंटीजन के साथ आरटी-पीसीआर जांच भी की गई।
कुल 65 जांच में से 28 आरटीपीसीआर सैंपल लिए गए, जबकि 37 एंटीजन टेस्ट किए गए। इनमें से एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया। दूसरी तरफ कुल्हाल चेकपोस्ट पर 16 व्यक्तियों के रैंडम सैंपल लिए गए और यहां सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। जिलाधिकारी ने कहा कि सैंपलिंग बढ़ाई जा रही है और संक्रमण की रोकथाम के लिए जनता को जागरूक भी किया जा रहा है।
बिहार चुनाव में ड्यूटी पर गए 60 जवान कोरोना संक्रमित
हाल ही में बिहार में हुए विधानसभा चुनाव में ड्यूटी पर गए पीएसी और आइआरबी के 60 जवान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सभी जवानों की तबीयत पूरी तरह से ठीक है और कुछ जवानों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि उत्तराखंड से 500 पीएसी व आइआरबी के जवान चुनाव ड्यूटी पर बिहार गए थे। वापसी पर सभी जवानों के कोरोना टेस्ट करवाए गए। इनमें से 60 जवान संक्रमित पाए गए। कुछ जवानों को डिस्चार्ज भी कर दिया गया है।