पर्यटन स्थल गुलजार, खत्म हुआ बिजाई का इंतजार; पढ़े पूरी खबर

धर्मशाला/शिमला,VON NEWS: हिमाचल में रविवार देर सायं से शुरू हुई बारिश-बर्फबारी सोमवार को भी जारी रही। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से करीब ढाई माह बाद बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हुआ है। इससे किसानों-बागवानों को राहत मिलने के साथ ही लोगों को शुष्क ठंड से भी निजात मिली है। सीजन की पहली बर्फबारी से प्रदेश के पर्यटन स्थल गुलजार हो गए हैं। कोरोना के कारण थमे पर्यटन व्यवसाय को बर्फबारी से गति मिलने की उम्मीद है।

पर्यटन स्थल मनाली, कुफरी, नारकंडा में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। लाहुल-स्पीति सहित कुल्लू, मंडी, चंबा और कांगड़ा जिला की चोटियों ने सफेद चादर ओढ़ ली है। कुफरी व नारकंडा में करीब चार इंच बर्फ गिरी। किन्नौर के सांगला में डेढ़ और मंडी के कोठी में एक फीट बर्फबारी हुई है। मंडी जिले के शिकारी देवी, कमरुनाग, शैटाधार, पराशर व बरोट में बर्फबारी हुई।

बर्फबारी के बाद प्रदेश में पर्यटकों की आमद बढऩी शुरू हो गई है। बर्फबारी से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में करीब चार डिग्री और अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री तक की गिरावट आई है। ऊना में अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री, जबकि नाहन में सबसे अधिक तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शिमला का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री पर पहुंच गया है, जबकि केलंग का तापमान -3.0 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से मौसम साफ रहेगा। 19 नवंबर को प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।

60 सड़कें बंद, 40 रूट प्रभावित

प्रदेश में बर्फबारी के कारण दो एनएच सहित करीब 60 सड़कों पर यातायात बंद हो गया है। इसके कारण करीब 40 बस रूट प्रभावित हुए हैं। कुछ रूट सवारियां न होने पर पहले से बंद हैं। कुछ स्थानों पर बसों की आवाजाही प्रभावित होने के कारण बहनें भैयादूज पर अपने भाइयों को तिलक नहीं लगा सकीं। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने भैयादूज पर महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा के लिए अतिरिक्त बसों को नहीं चलाया।

कारण शिमला जिला के चौपाल के 21 रूट प्रभावित हुए हैं, जबकि रोहड़ू सहित अन्य क्षेत्रों के 14 रूट प्रभावित हुए। लाहुल में 26 सड़कें और 10 सड़कें उदयपुर में बंद हैं। चौपाल के लिए जाने वाली बसें सैंज में फंसी रही। बंद सड़कों को खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। कुफरी व नारकंडा में हुई ताजा बर्फबारी के कारण यातायात प्रभावित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button