कैथल में भारतीय स्टेट बैंक के अंदर चली गोली,पढ़े पूरी खबर

पानीपत/कैथल,VON NEWS: कैथल में बैंक के अंदर गोली चलने की आवाज से सनसनी मच गई। गोली सुरक्षा गार्ड को लगी थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि सुरक्षा गार्ड ने आत्‍महत्‍या की। सुरक्षा गार्ड ने राइफल से खुद को गोली मारी।

करनाल रोड पर लघु सचिवालय के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक के सुरक्षा गार्ड की राइफल से गोली चल गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। बैंक खुलने से आधा घंटा पहले बैंक परिसर में ही यह घटना हुई। घटना की सूचना पर थाना सिविल लाइन से पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है।

गांव कोटड़ा निवासी एक्स सर्विस मैन बलिंद्र पुत्र मागेराम कई महीने से बैंक में बतौर सुरक्षा गार्ड नौकरी करता था। उसकी आयु 54 साल थी। रोजाना की तरह वह बुधवार को सुबह बैंक पहुंचा, लेकिन जब तक बैंक के अन्य कर्मचारी-अधिकारी पहुंचते, उसकी गोली लगने से मौत हो गई। बलिंद्र अपने पीछे पत्नी, दो लड़के और एक लड़की को छोड़ गया है। उसका बड़ा लड़का करनाल से एमबीबीएस कर रहा है।

बलिंद्र शहर के ही नेहरू गार्डन कालोनी में रहता था। पत्नी और बेटा मौके पर पहुंचे। उनका कहना है कि बलिंद्र सुबह अच्छे से रोजाना की तरह बैंक आया था। किसी तरह की परेशानी नहीं थी।

डीएसपी ने की आत्महत्या की पुष्टि

डीएसपी दलीप सिंह ने बताया कि सुरक्षा गार्ड ने 12 बोर की राइफल से खुद को ठोडी के नीचे गोली मारकर आत्महत्या की है। परिवार लोगों ने बताया कि सुबह ठीकठाक घर से आया था। कुछ मानसिक परेशानी से ग्रस्त था, लेकिन ऐसा कोई अंदाजा नहीं था कि वह आत्महत्या जैसा कदम उठा लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button