विकासनगर में डाकपत्थर तिराहे से बाबूगढ़ चुंगी तक वाहनों की आवाजाही रहेगी प्रतिबंधित,
विकासनगर (देहरादून),VON NEWS: कोतवाली पुलिस ने आगामी धनतेरस व दीपावली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए नगर के मुख्य बाजार में खरीददारी को आने वाले व्यक्तियों व महिलाओं की सुविधा के लिए डाकपत्थर तिराहे से बाबूगढ़ चुंगी तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है। पुलिस ने विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। रूट डायवर्जन प्लान 11 से 14 नवंबर तक लागू रहेगा।
रूट डायवर्जन प्लान के तहत डाकपत्थर की तरफ से आने वाले वाहन, जो विकासनगर बाजार आना चाहते हैं, वे डाकपत्थर तिराहे से सैयद मार्ग की ओर मुड़ कर एनफील्ड तिराहा होते हुए कोतवाली के पास सामने मंडी में अपने वाहन खड़े कर सकते हैं। खरीदारी कर पुन: उसी मार्ग से वापस जा सकते हैं।
यदि हरबर्टपुर की तरफ जाना हो तो कोतवाली से सीधे बाबूगढ़ चुंगी होते हुए हरबर्टपुर की तरफ जा सकते हैं। ढकरानी या कैनाल रोड की तरफ जाने वाले वाहन को डाकपत्थर तिराहे से दाहिनी तरफ धनवंतरी चौक होते हुए भेजा जाएगा। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि रूट डायवर्जन में हरबर्टपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को बाबूगढ़ चुंगी पर रोक दिया जाएगा।
यहां से वाहन अजीत नगर गुरुद्वारा रोड होते हुए कैनाल रोड पर आ सकते हैं, यदि कोई वाहन लेकर विकासनगर बाजार आना चाहता है तो अपने वाहन सहारनपुर बस अड्डे या कैनाल रोड किनारे खड़ा कर पैदल बाजार में आ सकता है। शेष वाहन कैनाल रोड होते हुए डाकपत्थर की तरफ भेजे जाएंगे।
कोतवाल रौथाण ने नगर के मुख्य बाजार आने वाली जनता से अपील की कि 11 से 14 नवंबर तक चार पहिया वाहनों से बाजारों में खरीदारी के लिए यथासंभव ना आएं, क्योंकि त्योहारी सीजन में भीड़ बढ़ने की आशंका अधिक रहती है, जिससे जाम की समस्या पैदा हो जाती है। कोतवाल ने नागरिकों से कोरोना महामारी का ध्यान रखते हुए मास्क पहनकर आने व शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करने की अपील की भी।