चीन को साधने के लिए ताइवान का इस्तेमाल करना भारत के लिए होगा कितना आसान, जानिए
नई दिल्ली,VON NEWS. वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन से जारी तनाव को देखते हुए अब भारत ने भी उसको अलग-अलग मोर्चों पर जवाब देने की तैयारी कर ली है। इसके तहत जो खाका खींचा गया है उसमें ही जापान में हुई क्वाड की बैठक शामिल थी। इसके बाद नवंबर 2020 में होने वाली मालाबार अभ्यास में भारत-जापान-अमेरिका के अलावा इस बार आस्ट्रेलिया भी शामिल हो रहा है।
वहीं दूसरी तरफ चीन को सबक सिखाने के मकसद से ही भारत ने ताइवान से भी नजदीकी बढ़ानी शुरू कर दी है। ताइवान को चीन अपना हिस्सा बताता है इसलिए वो चाहता है कि ताइवान के साथ कोई भी देश किसी भी तरह के निजी संबंधों को कायम करने से दूर रहे। यही वजह है कि वो ताइवान को लेकर कई बार कई देशों को धमकी भरे स्वर भी बोलता रहा है। माना जा रहा है कि भारत ऐसा करके चीन को कहीं न कहीं संतुलित करने की कोशिश कर रहा है।
हालांकि जवाहरलाल नेहरू की प्रोफेसर अलका आचार्य ऐसा नहीं मानती हैं। उनका कहना है कि ताइवान को चीन के लिए काउंटर बैलेंस की तरह इस्तेमाल करना काफी हद तक नामुमकिन है।
ऐसा इसलिए है क्योंकि भारत की चीन पर आत्मनिर्भरता में कोई कमी नहीं आई है। इतना जरूर हो सकता है कि भारत अपनी आर्थिक जरूरतों को कुछ हद तक चीन से ताइवान पर शिफ्ट कर दे। आपको बता दें कि भारत वर्तमान में भी केवल आईटी सेक्टर में ही ताइवान से नजदीकी बढ़ा रहा है।
उनका कहना है कि इस सेक्टर में चीन के निवेश या उस पर आत्मनिर्भरता को पहले से ही धीरे-धीरे कम किया जा रहा है। भारत ये भी चाहता है कि आईटी सेक्टर के कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में चीन के निवेश को कम किया जाए। इस सेक्टर में ताइवान एक बड़ा नाम है।
लिहाजा एक सीमित स्तर पर ताइवान के साथ आगे बढ़ा जा सकता है और बढ़ना भी चाहिए। उनके मुताबिक भारत वन चाइना पॉलिसी में किसी भी तरह का बदलाव न करते हुए यदि आगे बढ़ता है तो चीन को शायद इससे कोई परेशानी नहीं होगी। हालांकि ताइवान को भारत एक आजाद देश के तौर पर मान्यता नहीं देता है।