लेह के बर्फीले व दुर्गम इलाकों में पहुंचे लोकतंत्र के प्रहरी, पढ़िये पूरी खबर

जम्मू,VON NEWS.  बर्फीले रेगिस्तान लद्दाख के लेह जिले के दुर्गम इलाकों में शून्य से 25 डिग्री कम तापमान में खून जमा देने वाली ठंड के बीच लोकतंत्र के प्रहरियों ने डेरा जमा लिया है।

वीरवार, 22 अक्टूबर को लेह हिल काउंसिल के लिए होने जा रहे मतदान से दो दिन पहले मंगलवार को दो पोलिंग पार्टियां वायुसेना के हेलीकॉप्टर से चांगथांग के ऐसे दो मतदान केंद्रों पर पहुंच गई, जहां सड़क मार्ग से पहुंचना संभव नहीं है।

वहीं, 14 अन्य पोलिंग पार्टियां इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीने लेकर पूरा दिन सड़क से सफर कर रात को चीन से सटी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के चांगथांग के साथ नोब्रा व स्कूमारखा इलाके में मतदान केंद्रों के करीब पहुंचीं। नोब्रा व चांगथांग के पांच-पांच व स्कूमारखा के चार मतदान केंद्रों पर सुरक्षाकर्मी भी मुस्तैद हो गए हैं।

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह जिले में छठी हिल काउंसिल के गठन के लिए मंगलवार शाम के चार बजते ही प्रचार खत्म हो गया। अब करीब नब्बे हजार लद्दाखी 22 अक्टूबर को काउंसिल की 26 सीटों के लिए मैदान में उतरे 94 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। परिणाम 26 अक्टूबर को आएगा। बुधवार को नेता केवल डोर-टू-डोर प्रचार कर वोट मांगेंगे

दूरदराज इलाकों में जा रही पोलिंग पार्टियों को जिला मुख्यालय से चुनाव सामग्री दे दी गई। वहीं 278 पोलिंग पार्टियां चुनाव से एक दिन पहले बुधवार को अपने मतदान केंद्रों में डेरा डालेंगी।

सुबह लेह के तकनीकी एयरपोर्ट से पोलिंग पार्टियों को वायुसेना के एमआइ 17 हेलीकॉप्टर से भेजते समय लेह के डिप्टी कमिश्नर व हिल काउंसिल के चुनाव प्रभारी सचिन कुमार व एएसपी ओम प्रकाश पांडे भी मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button