स्कूल आने के लिए बाध्य नहीं होंगे विद्यार्थी कब लगेंगे कक्षाएं, जानिए
शिमला,VON NEWS. सात माह के लंबे अंतराल के बाद 19 अक्टूबर यानि सोमवार से 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं लगेंगी। विद्यार्थी अभिभावकों की सहमति लेकर स्कूल आ सकेंगे। किसी भी विद्यार्थी को स्कूल आने के लिए बाध्य न करें।
यदि अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजना चाहते हैं तो उन्हें सहमति पत्र भी देना होगा। यदि कोई अपने बच्चे को नहीं भेजते हैं तो वे भी इसके लिए बाध्य नहीं होंगे। एक माह तक न हाजिरी लगेगी और न परीक्षा होगी। शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने इस संबंध में शिक्षा निदेशालय को निर्देश दे दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि नौवीं और 11वीं कक्षा के बच्चों को स्कूल बुलाने पर अभिभावकों की ओर से ई-पीटीएम में आने वाले सुझाव और माइक्रो प्लान में आए सुझावों को अध्ययन करने के बाद ही फैसला होगा। कक्षा पहली से आठवीं तक के स्कूल फिलहाल नहीं खोले जाएंगे। अभी मौखिक निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि कालेजों में पढ रहे छात्रों को अगली कक्षा में प्रमोट करने का निर्णय जल्द ले लिया जाएगा। विभाग ने इसके लिए कैबिनेट प्रस्ताव बनाया हुआ है। जल्द मुख्यमंत्री से इस विषय पर चर्चा करेंगे और अंतिम निणर्य लिया जाएगा। सरकार ने संकेत दे दिए हैं कि परीक्षाएं करवाने को लेकर बेहद कम समय बचा है।