COVID-19 संक्रमित की 24 घंटे में मृत्यु: जिलाधिकारी होंगे जिम्मेदार:CM
देहरादून, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कोरोना के कारण मृत्यु होने के मामले में जिलाधिकारियों की जवाबदेही तय की है।
उन्होंने कहा कि यदि कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के 24 घंटे के भीतर किसी की मृत्यु होती है तो यह सर्विलांस की कमी मानी जाएगी। यह लापरवाही मानी जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
उन्होंने जिलाधिकारियों को क्वारंटाइन सेंटरों में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने होम आइसोलेशन में सभी मानकों के अनुपालन और डिस्चार्ज कर घर भेजे गए लोगों की काउंसिलिंग के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कोविड केयर सेंटरों में भी सारी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने को कहा है।
शनिवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सभी जिलाधिकारियों के साथ कोरोना की स्थिति को लेकर समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सहायता से सर्विलांस बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके लिए बच्चों व बुजुर्गों के स्वास्थ्य की समय-समय पर जानकारी लेने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने कोरोना के लक्षण वाले सभी लोगों की अनिवार्य रूप से सैंपलिंग करने के भी निर्देश दिए।