70 कोरोना योद्धाओं से माँगा 4 लाख रुपये का बिल
मुनिकीरेती के गंगा रिजॉर्ट में ठहरे 70 कोरोना योद्धाओं को गढ़वाल मंडल विकास निगम ने भोजन का चार लाख रुपये का बिल थमा दिया। जबकि इन्हें वहां ठहराने वाले स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि उन्होंने जीएमवीएन को स्वास्थ्यकर्मियों के लिए राशन दिया था।
जीएमवीएन के गंगा रिजॉर्ट में टिहरी के स्वास्थ्य विभाग ने 70 डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी ठहराए हैं। यह लोग जिले की सीमा में प्रवेश कर रहे लोगों की जांच के लिए मुनिकीरेती में तैनात किए गए हैं। शुक्रवार को जीएमवीएन प्रबंधन ने इन स्वास्थ्यकर्मियों को भोजन का चार लाख रुपये का बिल थमा दिया।
नरेंद्रनगर के प्रभारी चिकित्साधिकारी जगदीश जोशी ने बताया कि इस टीम को डीएम टिहरी द्वारा अधिग्रहित गंगा रिजॉर्ट में ठहराया था। निगम को इनके लिए राशन, सब्जी आदि सामग्री पहले ही उपलब्ध करा दी गई थी। स्वास्थ्यकर्मियों ने टिहरी के डीएम से भी बिल थमाने की शिकायत की है।
उधर, गंगा रिजॉर्ट के मैनेजन सुदर्शन खत्री का कहना है कि वह 23 मार्च से 70 से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों को भोजन परोस रहे हैं। ऐसे में बिल भेजना लाजिमी है। उन्होंने जो राशन उपलब्ध कराया है, उसका पैसा बिल से काट दिया जाएगा।