सीडीआरआइ ने सौ साल पुराने तरीके से खोजी आयुर्वेदिक दवा
लखनऊ, VON NEWS: केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान (सीडीआरआइ) के वैज्ञानिकों ने आसपास पाए जाने वाले केसिया ऑक्सीडेंटलिस पौधे (कसुंदा) से हड्डियां मजबूत बनाने वाली कारगार आयुर्वेदिक दवा ईजाद की है। यह दवा बार-बार स्टेरॉयड लेने से पनपने वाली लाइलाज और आम ऑस्टियोपोरोसिस बीमारी की भी काट साबित होगी। फिलहाल दवा का लाइसेंस गुजरात की कंपनी को दिया है, जो जल्द क्लीनिकल ट्रायल शुरू करेगी। संस्थान ने इसका पेटेंट भी दाखिल कर दिया है। यह दवा उन सभी मरीजों के लिए संजीवनी साबित होगी जो इलाज के लिए कार्टिकोस्टेरॉयड मेडिसिन (सीएम) पर निर्भर है। मौजूदा वक्त में पूरे विश्व में कार्टिकोस्टेरॉयड की वजह से होने वाली सेकेंडरी ऑस्टियोपोरोसिस के इलाज के लिए कोई सुरक्षित दवा उपलब्ध नहीं है। यही वजह है कि संस्थान की इस खोज को महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रहा है।
सौ वर्ष पुराने लोक औषधि ज्ञान से मिली सफलता
आंध्र प्रदेश के पुत्तूर निवासी गोपाल राजू 100 साल पहले जिस केसिया ऑक्सीडेंटलिस (कसुंदा) से फ्रैक्चर का उपचार किया करते थे। उसी से कॉर्टिकोस्टेरॉयड लेने वाले मरीजों की हड्डियां मजबूत करने का नुस्खा निकला है। सीडीआरआइ के इंडोक्राइनोलॉजी विभाग के डॉ. नैवेद्य चट्टोपाध्याय बताते हैं कि स्थानीय स्तर पर लोकप्रिय इस औषधीय पौधे से दवा तैयार की गई है। खास बात यह है कि इसे सीएसआइआर के फाइटोफार्मास्यूटिकल मिशन के तहत तैयार किया गया है। यह एक ऐसी आयुर्वेदिक मेडिसिन है, जिसे विज्ञान की उन सभी कसौटियों पर परखा गया है, जिससे एलोपैथिक मेडिसिन तैयार की जाती है।
सीएम से होने वाली ऑस्टियोपोरोसिस
कॉर्टिकोस्टेरॉइड मेडिसिन (सीएम) का प्रयोग ऑटोइम्यून डिजीज जैसे रिह्युमेटायड आर्थराइटिस, स्क्लेरोसिस, इंफ्लेमेट्री बॉवल सिंड्रोम, अल्सरेटिव कोलाइटिस, सोरायसिस, एग्जिमा, एलर्जी और अस्थमा के साथ कुछ प्रकार के कैंसर के उपचार के लिए किया जाता है। डॉ. नैवेद्य बताते हैं कि विश्व में कॉर्टिकोस्टेरॉयड लेने वाले मरीजों में 30 से 50 फीसद तक फ्रैक्चर की आशंका होती है।
स्टेरॉयड लेने के शुरुआती तीन महीने में तो फ्रैक्चर की संभावना 75 फीसद तक रहती है। जैसे-जैसे दवा लेते समय गुजरता है, बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) स्तर खराब होता जाता है। मुश्किल यह है कि वर्तमान में स्टेरॉयड से बचाव के लिए जो दवा देते है, वह कारगर नहीं। साथ ही वह ऑस्टियोनेक्रोसिस उत्पन्न करती है। यानी यह साफ है कि अभी तक सीएम से हड्डियों को होने वाले नुकसान से बचाव के लिए कोई असरदार दवा उपलब्ध ही नहीं है। यही वजह है कि सीडीआरआइ की औषधीय पौधों से तैयार दवा को वैश्विक नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
डॉ. चट्टोपाध्याय बताते हैं कि कसुंदा का सत निकालकर वैज्ञानिकों ने चार बायोकेमिकल मार्कर तैयार कर चूहों पर परीक्षण किया। पाया कि बोन को प्रोटेक्ट करने के साथ कॉर्टिकोस्टेरॉयड के एंटीइंफ्लेमेट्री गुण पर भी किसी तरीके का प्रभाव नहीं डालता है। जिन मरीजों को कॉर्टिकोस्टेरॉयड मेडिसन का इस्तेमाल आवश्यक है, उनके लिए यह आयुर्वेदिक दवा संजीवनी साबित होगी।
राजू के हुनर पर फिदा थे अंग्रेज
दवा पर शोध के दौरान वैज्ञानिकों को कसुंदा से जुड़े कई रोचक किस्से भी पता चले। आंध्र प्रदेश के पुत्तूर निवासी गोपाल राजू के हुनर पर अंग्रेज भी फिदा थे। जिस तरह वे हड्डी टूटे मरीजों को ठीक करते थे, यह देखकर अंग्रेज प्रथम विश्वयुद्ध में अपने सैनिकों की मदद के लिए उन्हें अपने साथ ले गए।
यह भी पढ़े
मौत पर हंगामा : पूर्व विधायक के भतीजे समेत दो को ट्रक ने मारी टक्कर