तीन युवकों के अपहरण के पीछे रंजिश तो नहीं! कबाड़ी से चल रहा था विवाद
सितारगंज,VONNEWS: अपहरण की घटना के पीछे कहीं पुरानी रंजिश तो नहीं है। जिन तीन युवकों को अज्ञात बदमाश उठा ले गए, उनकी कबाड़ के कारोबारी सुनील यादव से रंजिश चल रही है। इस मामले में तीनों अपहृत युवक जानलेवा हमले समेत कई संगीन धाराओं में जेल भी गए थे।
खटीमा कोर्ट में सोमवार को जब सुनील यादव गवाही देने पहुंचा तो उसकी कार को भी पुलिस असलहा होने की सूचना पर चेक करने के बाद छोड़ा गया था। इससे पुलिस अपहरण को उस घटना से भी जोड़कर देख रही है।
नगर के किच्छा रोड पर आरके ढाबे के पास स्थित सुनील यादव का गोदाम है और पास में ही वह परिवार के साथ रहता है। बीते वर्ष 13 जून को बिना नंबर की कार सवार हथियारबंद नकाबपोश करीब सात बदमाशों ने सुनील पर जानलेवा हमला कर दिया था। हमले में सुनील गंभीर रूप से घायल हुआ था।
मामले में पुलिस की विवेचना में तीन आरोपी दोषमुक्त होने पर छूट गए थे और चार के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल हुई थी। इसमें तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था जबकि विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। तभी से दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी।