नारी शक्ति का किया सम्मान
देहरादून VON NEWS: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षण संस्थाओं में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। इस मौके पर महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। नई पहल नई सोच संस्था की ओर से आइआरडीटी सभागार में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच महिलाओं को सम्मानित किया गया।सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि हंस फाउंडेशन के संस्थापक भोले महाराज, माता मंगला, विशिष्ट अतिथि लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी और बदरी-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष शिव प्रसाद ममगाईं ने इन महिलाओं को सम्मानित किया।
संस्था के संचालक संजय शर्मा दरमोडा ने बताया कि उनकी संस्था हर साल उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करती है। इस दौरान महिला संघर्ष पर बनी लघु फिल्म ‘ऊमा बोल दियां’ की स्क्रीनिंग भी हुई। फिल्म के निर्देशक कविलाश नेगी ने बताया कि फिल्म साहित्यकार बल्लभ डोभाल की कहानी ‘कही अनकही’ पर आधारित है। लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि पहाड़ की महिलाओं के लिए अभी बहुत काम होने की जरूरत है। जिससे उन्हें मैदान में रह रही महिलाओं जैसी सुविधाएं मिल सके।
एसिड पीड़ितों के लिए काम करने वाली डॉ. प्रतिभा नैथानी, दृष्टि बाधित बच्चों को उत्तरकाशी के नौगांव में शिक्षा देने वाली विजय लक्ष्मी, दिव्यांगों को चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने वाली मधु मैखुरी, जागर गायिका कमला देवी, पिथौरागढ़ के नबी गांव में होम स्टे के माध्यम से ग्रामीणों के लिए आर्थिकी के नए रास्ते शुरू करने वाली ग्राम प्रधान सनम देवी नबियाल को सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़े
पति से चल रही अनबन से अजिज आकर फंदे पर झूली विवाहिता की मौत