फिल्मी अंदाज में बग्घी पर सवार होकर ब्याह रचाने पहुंची दुल्हन, लखनऊ बना इस अनोखी शादी का गवाह
VON NEWS लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में परंपरा से इतर एक अनोखी शादी हुई है। यहां बग्घी पर सवार होकर काला चश्मा लगाए दुल्हन दूल्हे की तरह बारात लेकर पहुंची तो सबकी निंगाहें दुल्हन पर टिकी रहीं। गुरुवार को नई रवायत के इस विवाह समारोह का मेजबान बना बाबूगंज का रामाधीन सिंह उत्सव लॉन। अब तक शादी समारोह में दूल्हे को ही बरात लेकर दुल्हन ने आते देखा होगा। गुरुवार को इस परंपरा से इतर अलग परंपरा नजर आई।
दुल्हन बनी डालीगंज की रचना भी बरात के साथ बाबूगंज के रामाधीन सिंह उत्सव लॉन पहुंची तो दुल्हा बने रूपेश भी पेपर मिल से बरात लेकर पहुंचे। वर पक्ष के लोगों ने दुल्हन का तो कन्या पक्ष के लोगों ने दूल्हे का स्वागत किया। अपनी तरह की अनोखी शादी के साक्षी उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और विधि एवं न्यायमंत्री ब्रजेश पाठक भी बने।
शादी की परिकल्पना करने वाले और लड़की के पिता राजेश कुमार विद्यार्थी ने बताया कि बराबरी के दर्जे की बात होती है तो बरात लड़के वाले ही क्यों ला सकते हैं। लड़की बरात लेकर क्यों नहीं आ सकती है। समाज को नई सोच देने के लिए इन अनोखी शादी का प्लान बनाया गया। दोनों पक्षों की इस पर सहमति रही। रचना के पिता राजेश वकील और रूपेश के पिता रामलाल सेंट्रल बैंक में हेड कैशियर हैं। राजेश ने कहा, मुझे हमेशा नागवार गुजरता कि लड़का तो हाथ में तलवार लेकर घोड़े पर आए। यह भाव कहीं न कहीं वर पक्ष को सबसे ऊपर दिखाता है।
यह भी पढ़े :
SBI में अकाउंट है तो अब जीरो बैलेंस पर नहीं देना होगा जुर्माना