शादी से एक दिन पहले इंजीनियर दूल्हे के स्वजन कर दी 25 लाख की डिमांड, पढ़े पूरा मामला
आगरा,VON NEWS: दूल्हा इंजीनियर और दुल्हन बैचलर आफ आप्टोमेट्री कर चुकी है। आनलाइन रिश्ता तलाशा गया। आमने-सामने बैठकर तय हुआ। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। दूल्हा और उसके स्वजन बुधवार रात को आगरा पहुंच गए। होटल की व्यवस्थाओं पर नाराजगी से शुरू हुआ विवाद बढ़ गया। हाथापाई की भी नौबल आ गई। इसके बाद दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हा पक्ष 25 लाख रुपये दहेज की मांग कर रहा है। इसलिए अब उन्हें रिश्ता नहीं करना। उन्होंने थाना एत्माद्दौला में तहरीर दे दी है।
मूलरूप से गाजीपुर निवासी महेंद्र शर्मा मंडी परिषद में सीनियर असिस्टेंट हैं। कालिंदी विहार में वे परिवार के साथ रहते हैं। महेंद्र शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी प्रीति ने बैचलर आफ आप्टोमेट्री कर लिया है। उन्होंने नवी मुंबई निवासी रिटायर्ड नायब सूबेदार रामपलट के साफ्टेवयर इंजीनियर बेटे रवि प्रकाश से रिश्ता तय कर दिया।
रिश्ता तय करने के समय पर उन्होंने दहेज की कोई मांग नहीं रखी थी। 11 को शादी होनी थी। इसके लिए उन्होंने आगरा में ताज विलास होटल बुक किया था। बुधवार को दूल्हा रवि प्रकाश और उसके पिता समेत छह लोग आ गए। महेंद्र ने अपने घर के पास कालिंदी विहार में स्थित होटल त्यागराज में कमरा दिलवा दिया। वहां होटल की व्यवस्थाओं को लेकर दूल्हा और उसके परिवार के लोग बिफर गए।
महेंद्र का कहना है कि उन्होंने दूसरे होटल में तीन कमरे आनलाइन बुक करा दिए। इसके बाद भी तकरार करने लगे। इसी बीच उन्होंने 25 लाख रुपये दहेज की मांग रख दी। महेंद्र का कहना है कि अचानक 25 लाख रुपये की व्यवस्था न कर पाने पर दूल्हा पक्ष ने रिश्ता करने से इन्कार कर दिया। कई घंटों तक होटल में विवाद चला। इसके बाद लड़की ने भी दहेज लोभियों से शादी करने से इन्कार कर दिया।
पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। वहां दुल्हन के पिता ने 25 लाख रुपये दहेज न देने पर शादी से इन्कार करने की तहरीर दे दी। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से बात की जा रही है। दूल्हे के पिता का कहना है कि लड़की आंखों की डाक्टर बताई थी। वह नहीं है। वे शादी को यहां आए तो होटल की व्यवस्था ठीक नहीं थी। टोकने पर दुल्हन पक्ष ने अभद्रता की।
दुल्हन के स्वजन का रो रोकर बुरा हाल
महेंद्र ने बताया कि बेटी की शादी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। 10 लाख रुपये खर्च हो गए। बेटी पर हल्दी चढ़ चुकी है। सभी रिश्तेदारों को निमंत्रण दिए जा चुके हैं। दूल्हा पक्ष के लोगों ने अचानक से दहेज की मांग रख दी। ऐसे में हमारे लिए इंतजाम संभव नहीं है। परिवार के सभी लोगों का रो रोकर बुरा हाल है।