पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से गिरेगा मैदानी इलाकों का तापमान, पढ़ें पूरी खबर

नई दिल्ली,VON NEWS: पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में आने वाले दिनों में पारा गिरने के आसार हैं। पिछले दिनों तापमान में थोड़ी राहत के बाद अब दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तरी राज्यों में लोगों को और ज्यादा ठंड का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, चक्रवात निवार अब थम चुका है लेकिन इसके असर के कारण कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु में एक बार फिर से भारी बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में फिर से निम्न दबाव बनने की आशंका बन रही है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है।

दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ने के आसार

शुक्रवार को फिर से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यहां धुंध के साथ सुबह की शुरूआत हुई। मौसम विभाग के अनुसार आज न्यूनतम तापमान 8 और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। इसके अलावा आने वाले दिनों में दिल्लीवासियों को अधिक ठंड एहसास हो सकता है। इसके अलावा 29 नवंबर को न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक जाने की उम्मीद है और दो दिनों में शीत लहर भी चल सकती है।

शनिवार से बढ़ेगी ठंडक

वाराणसी में सुबह से ही बादल छाने के कारण ठंड में बढ़ोतरी की आशंका है। इससे पहले गुरुवार को धूप निकलने के कारण लोगों को राहत मिली थी। हालांकि आज के लिए आसार हैं कि धूप निकलने के बावजूद लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल पाएगी। वहीं, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने शनिवार से ठंड बढ़ने की उम्मीद जताई है। इस बार ला नीना भी सक्रिय होने के कारण कैस्पियन और भूमध्य सागर का पानी ठंडा हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button