कंगना रनोट और रंगोली के खिलाफ एक और समन,जानिए पूरा मामला
नई दिल्ली,VON NEWS: बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनोट की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। महाराष्ट्र पुलिस ने एक बार फिर एक्ट्रेस को समन जारी किया है और उन्हें पुलिस थाने में पेश होने के लिए कहा है। दरअसल, महाराष्ट्र पुलिस ने कंगना रनोट और रंगोली चंदेल के खिलाफ 2 ग्रुप के बीच सांप्रदायिक तनाव फैलाने के लिए सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर समन जारी किया है। साथ ही पुलिस ने एक्ट्रेस को 23-24 नवंबर को बांद्रा पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा है।
बता दें कि यह मामला बांद्रा मेट्रोपॉलिटन मैजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुआ है। इससे पहले भी मुंबई पुलिस ने कंगना रनोट और उनकी बहन रंगोली को समन जारी करते हुए 10 नवंबर तक बांद्रा पुलिस स्टेशन में पेश होने का आदेश दिया था। कंगना रनोट के खिलाफ मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई थी। दरअसल, स्थानीय अदालत के आदेश पर मुंबई पुलिस ने कंगना व उनकी बहन रंगोली के खिलाफ 17 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की थी।
मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में कंगना और उनकी बहन रंगोली के खिलाफ 124 ए सहित कई धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद एक्ट्रेस और उनकी बहन को समन जारी किया गया है। बांद्रा मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत ने बॉलीवुड कास्टिंग निर्देशक एवं फिटनेस ट्रेनर मुनव्वर अली सैयद द्वारा दाखिल कराई गई शिकायत की जांच करने का आदेश दिया था। मुनव्वर के वकील के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अभिनेत्री पिछले दो महीने से बॉलीवुड को बदनाम कर रही हैं।