नंदा देवी ईस्ट और भागीरथी फतह करेंगी 15 महिलाएं, पढ़िए पूरी खबर

पिथौरागढ़ VON NEWS: ऑल वूमेन एक्सपीडिशन के तहत देश भर की 15 महिलाओं का दल सितंबर 2021 में नंदा देवी ईस्ट और भागीरथी-2 फतह करने  निकलेगा। इस अभियान का एवरेस्ट विजेता शीतल नेतृत्व करेंगी। इससे पूर्व अप्रैल में इन चयनित महिलाओं को दारमा और व्यास घाटी के पहाड़ों में प्रसिद्ध पर्वतारोही योगेश गर्ब्याल प्रशिक्षण देंगे।

ऑल वूमेन एक्सपीडिशन के तहत 15 सदस्यीय महिलाओं के दल में 12 महिलाओं का चयन कर लिया गया है। इस दल में ऐसी महिलाएं हैं जिन्होंने पर्वतारोहण का एडवांस कोर्स किया है, लेकिन उन महिलाओं को पर्वतारोहण का अनुभव नहीं है। क्लाइंबिंग वियोंड द समिट की ओर से ऐसी महिलाओं को कुशल पर्वतारोहियों की टीम के साथ भागीरथी पिक्स-2, नंदा देवी ईष्ट चोटियों को फतह करने के लिए भेजा जाएगा।

अभियान के तहत महाराष्ट्र की याद्धनिकी भिलेर, हिमाचल की बबीता ठाकुर, हेमलता, धारचूला की मनीषा सीपाल, पूजा सीपाल, मेनका गुंज्याल, कलावती बराल, प्रीति रावत, रेखा, दीपिका, मीनाक्षी राठौर और मौना का चयन किया गया है। तीन अन्य महिलाओं का अभी चयन नहीं हो पाया है।

कोविड-19 के कारण 2020 में नहीं हो पाया ऑल वूमेन एक्सपीडिशन

कोविड-19 के कारण 2020 में ऑल वूमेन एक्सपीडिशन शुरू नहीं हो पाया। अब क्लाइंबिंग वियोंड समिट ने सितंबर 2021 में इसका आयोजन करने का निर्णय लिया है। एक्सपीडिशन के लिए महिलाओं का दल काफी उत्साहित है। इसके लिए तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।

पर्वतारोहण को बढ़ावा देने के लिए ऑल वूमेन एक्सपीडिशन शुरू किया गया है। प्रथम चरण में 15 महिलाओं को भागीरथी पिक्स-2 और नंदा देवी ईस्ट चढ़ाया जाएगा। इससे पूर्व अप्रैल में दारमा और व्यास घाटी के पहाड़ों में चयनित महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
– योगेश गर्ब्याल, एवरेस्ट विजेता पिथौरागढ़

पर्वतारोहण के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ऑल वूमेन एक्सपीडिशन शुरू किया गया है। महिलाओं को ऐसे एडवेंचर खेलों में हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए आगे आना होगा। पर्वतारोहण में भविष्य की अपार संभावनाएं हैं।
– शीतल , एवरेस्ट विजेता पिथौरागढ़

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button