मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता ,लाल बहादुर शास्त्री जयंती व रामपुर तिराहा की बरसी पर अपने संदेश जारी किए ।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का भावपूर्ण स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि गांधी जी के सत्य व अहिंसा के सिद्धांत आज भी प्रासांगिक है। गांधी जी ने सत्याग्रह, अहिंसा और शांति का रास्ता अख्तियार कर अंग्रेजी शासन से देश को आजाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि आज भी महात्मा गांधी विश्व पटल पर शांति और अहिंसा के प्रतीक के तौर पर माने जाते है। संयुक्त राष्ट्र वर्ष 2007 से गांधी जी की जयंती को ’’विश्व अहिंसा दिवस‘‘ के रूप में मना रहा है।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शुक्रवार 02 अक्टूबर, 2020 को प्रातः 09.30 बजे गांधी पार्क, देहरादून में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के पश्चात् गांधी जी की जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि शास्त्री जी ने ‘जय जवान जय किसान’ का नारा देकर राष्ट्र को संकट की घड़ी में स्वाभिमान और एकजुटता के साथ मजबूती से खड़े होने का रास्ता दिखाया। उन्होंने राष्ट्र को एक उत्तम नेतृत्व प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी के सिद्धांत एवं आदर्शों का अनुसरण कर हम देश और प्रदेश को उन्नति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ा सकते है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी ने सार्वजनिक जीवन में सादगी, सत्यनिष्ठा, लगन, नैतिकता व राष्ट्र के प्रति समर्पण की जो अदभुत मिसाल कायम की, वह हम सबके लिए प्रेरक है। शास्त्री जी का व्यक्तित्व व कृतित्व देश की युवापीढ़ी के लिये सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मुजफ्फरनगर कांड (रामपुर तिराहा) की बरसी की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में कहा कि ’’उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को मैं श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं, अमर शहीदों की कुर्बानियों को सदैव याद रखा जायेगा।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य को देश का आदर्श राज्य बनाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना है, जिससे कि राज्य आन्दोलन के शहीदों के सपनों के अनुरूप प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राज्य आन्दोलनकारियों के कल्याण के लिए वचनबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत शुक्रवार 02 अक्टूबर, 2020 को पूर्वाह्न 11.00 बजे रामपुर तिराहा, मुजफ्फरनगर स्थित शहीद स्मारक जायेंगे। जहां वे उत्तराखण्ड निर्माण के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित करेंगे।