जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड, शीतलहर की चपेट में घाटी,पारा पहुंचा माइनस 7.8

VON NEWS: कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी के चलते लोगों की दुश्वारियां काफी बढ़ गई हैं। कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है। घाटी शीतलहर की चपेट में है। बर्फीली हवाएं चलने से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि श्रीनगर में मौसम की सबसे ठंडी रात रही, जहां पारा -7.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। ठीक ऐसा तापमान 14 जनवरी 2012 को दर्ज किया गया था।

इस बीच मंगलवार को जम्मू समेत संभाग के कई जिलों में कोहरे की चादर बिछी रही। जम्मू में दिन में हल्की धूप खिली, लेकिन अधिकतर समय कोहरा छाया रहा।

जम्मू में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर समेत कश्मीर के अन्य हिस्सों में धूप खिली रही। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा। लेकिन कई मैदानी इलाकों में कोहरे की चादर बिछी रहेगी।

उधर, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अगले दस दिन तक बहाल होने की उम्मीद नहीं है। रामबन के केला मोड़ पर एक पुल के पहुंच मार्ग के धंस जाने के कारण रविवार की शाम से हाईवे बंद है। यातायात बंद होने से घाटी जाने और वहां से दोनों ओर हजारों वाहन और यात्री फंसे हुए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button