मार्च से हरियाणा में कक्षा 1 और 2 के लिए खुल जाएंगे स्कूल, पढ़िए पूरी खबर

VON NEWS: हरियाणा में हाल ही में कक्षा 3 से पांचवी तक के लिए स्कूल खोलने के बाद अब कक्षा 1 और 2 के लिए भी तारीखें तय हो गई हैं। इसके मुताबिक इन दोनों कक्षाओं के लिए रेग्यूलर कक्षाएं 1 मार्च से शुरू हो जाएंगी। राज्य सरकार ने 1 मार्च से ग्रेड 1 और 2 के लिए नियमित कक्षाएं शुरू करने का फैसला किया है। स्कूल का समय सुबह 10 से दोपहर 1.30 बजे तक होगा। छात्रों के माता-पिता को स्कूलों में भेजने से पहले स्कूल प्रमुख या फिर कक्षा के शिक्षक को एक सहमति पत्र प्रस्तुत करना होगा, जिसमें बच्चों को स्कूल भेजने के लिए पैरेंट्स की अनुमति हो। वहीं इसके अलावा, जो माता-पिता ऑनलाइन शिक्षा जारी रखना चाहते हैं, वे कर सकते हैं।

बता दें कि राज्य में पिछले 6 महीनों में कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल पहले ही फिर से खोल दिए गए थे। इसके बाद राज्य सरकार ने 24 फरवरी से कक्षा 3 से 5 के छात्रों के लिए स्कूलों को फिर से खोलने का फैसला किया था। वहीं स्कूलों को COVID-19 संक्रमण से बचने के लिए संबंधित सभी दिशानिर्देशों SOPs का पालन करने के लिए कहा था। इसके बाद कक्षा 3 से 5वीं कक्षाओं के छात्र-छात्राएं लगभग एक साल के बाद स्कूलों में वापस लौटे। वहीं ग्रेड 3 से 5 के लिए कक्षाएं सुबह 10 से दोपहर 1.30 बजे तक आयोजित की जा रही हैं।

वहीं हर स्कूल को तीन विंग में विभाजित किया जाएगा। इसके अनुसार अगर किसी विंग में कोई एक छात्र COVID-19 पॉजिटिव पाया जाता है, तो उस विंग को 10 दिनों के लिए बंद कर दिया जाएगा और अगर एक से अधिक विंग के छात्रों को COVID-19 पॉजिटिव पाया जाता है तो पूरा स्कूल 10 दिनों के लिए बंद रहेगा। गौरतलब है कि हरियाणा के अलावा कई अन्य राज्यों में कक्षा 10वीं और 12वीं के अलावा भी अन्य कक्षाओं के लिए स्कूलों को खोल दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button