आज भी मौसम शुष्क रहने की संभावना, धूप खिलने से लोगों ने राहत महसूस की!

VON NEWS: गुरुवार को देहरादून में धूप खिलने से लोगों ने राहत महसूस की। उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने आज भी राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। राज्य के मैदानी क्षेत्रों के कुछ भागों में सुबह के समय खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में मध्यम कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

देहरादून में आज ( शुक्रवार) आसमान साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ ही धुंध व उथला कोहरा होने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 07 डिग्री रहने का अनुमान है।

मसूरी में चार दिन बाद खिली धूप 

बारिश और कोहरे के बाद मसूरी में चार दिन बाद धूप निकली। मौसम साफ  रहने से गुरुवार को दिनभर लोग गुनगुनी धूप का आनंद लेते नजर आए। सैलानी खुशनुमा मौसम का लुत्फ  उठाते नजर आए। वहीं धनोल्टी, कैंपटी और बुरांशखंडा क्षेत्र में भी मौसम साफ  रहा। हालांकि शाम को एक बार फिर बादल छा गए।

पर्यटन व्यवसाय से जुड़े अरविंद सेमवाल ने बताया कि कि चार दिन बाद धूप निकलने से शहर में काफी चहलपहल रही। होटलों में ठहरे पर्यटकों के अलावा स्थानीय लोग भी धूप सेंकते नजर आए। इसके अलावा मौसम का लुत्फ उठाने वादियों में पहुंचे सैलानी माल रोड, कैंपटी, धनोल्टी आदि पर्यटन स्थलों में सैर-सपाट करते दिखे।

रुड़की/लक्सर : खुला मौसम, धूप सेकते निकला लोगों का दिन

कई दिन से बादल, कोहरा और बूंदाबांदी के बाद खिली चटक धूप का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। गुरुवार का दिन होने के चलते अधिकतर लोगों को कामकाज के लिए घर से बाहर जाना पड़ा, ऐसे में वह धूप का ज्यादा आनंद नहीं उठा पाए। हालांकि अधिकतर सरकारी दफ्तरों में लोगों ने धूप में ही कुर्सियां लगाकर कामकाज निपटाया। वहीं शाम को चली सर्द हवाओं ने एक बार फिर ठंड बढ़ा दी।

शनिवार को अचानक ही मौसम का मिजाज बदल गया था। इसके बाद से लगातार रविवार से बुधवार तक हर रोज बूंदाबांदी और बादल छा रहे थे। इसके चलते जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया था। बारिश से मौसम में भी ठंडक बन गई थी। धूप नहीं निकलने से बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी हो रही थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button