इम्यूनिटी बूस्ट करने के साथ ही सर्दी जुकाम से भी महफूज रखता है मुनक्का,जानिए

नई दिल्ली,VON NEWS: सर्द मौसम शुरू होते ही मौसमी बीमारियां दस्तक देना शुरू कर देती है। मौसम बदलने का असर सेहत पर जल्द दिखने लगता है। इस मौसम में पेट के रोग, सर्दी-जुकाम और वायरल जोरों पर रहता है, अगर खान-पान दुरूस्त रखा जाए तो इन मौसमी परेशानियों से महफूज रहा जा सकता है। इस मौसम में मुनक्का बेहद मुफीद है। मुनक्का आयुर्वेदिक गुणों से भरपूर एक ऐसा ड्राईफ्रूट है जिसे अंगूर को सुखा कर बनाया जाता है। मुनक्के की तासीर गर्म होती है। सर्द मौसम में ये ना सिर्फ आपकी बॉडी को गर्म रखता है, बल्कि आपको सर्दी जुकाम और वायरल से भी महफूज रखता है।

मुनक्का में फाइबर, फाइटो न्यूट्रियंट्स और एंटी-ऑक्सीडेंट्स के अलावा विटामिन ई, फास्फोरस, मैग्नीशियम, सोडियम, आयरन, कैल्शियम, फास्फोरस, पोटेशियम और सेलेनियम की बहुत अधिक मात्रा होती है। मुनक्का सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। मुनक्का स्वाद में जितना अच्छा है उतने ही उसके फायदे भी है। आइए जानते हैं कि मुनक्का कैसे सेहत के लिए फायदेमंद है।

इम्यूनिटी बूस्ट करना है तो मुनक्का खाएं:

कोरोनाकाल में इम्यूनिटी बहुत जरूरी है। सर्द मौसम में सर्दी जुकाम या वायरल परेशानी का सबब बन सकता है, इसलिए आप मुनक्के का सेवन करके अपनी इम्यूनिटी बूस्ट करें। आप दिन में पांच मुनक्के का सेवन कर सकते है।

सर्दी जुकाम से बचना है तो मुनक्का खाएं:

मुनक्के में एंटीबैक्ट्रियल गुण पाए जाते हैं जो सर्दी जुकाम को कंट्रोल करने में मददगार है। आप रोजाना पांच मुनक्का दुध में उबाल कर पी सकते हैं। याद रखें कि मुनक्का के बीज निकाल कर ही उन्हें उबालें।

खून की कमी को दूर करता है मुनक्का:

महिलाओं में न्यूट्रिशन्स की कमी की वजह से एनिमिया की बीमारी हो जाती है। एनिमिया से बचना है तो मुनक्का खाएं। मुनक्का में मौजूद आयरन, विटामिन बी और कॉपर एनीमिया को दूर करता है। मुनक्के में मौजूद कॉपर रेड ब्लड सेल्स के उत्पादन में मदद करता है।

दांतों की हिफाजत करता है मुनक्का:

मुनक्के में ओलेक्नोलिक एसिड होता है, जो दांतों को डैमेज होने से बचाता हैं साथ ही दांतों की कैविटी भी दूर करता है। मुनक्का दांतों को बैक्ट्रिया से बचाता है और दांतों की हिफाजत करता है।

कब्ज और एसिडिटी से छुटकारा दिलाता है:

मुनक्के में फाइबर होता है जो पेट को ठीक रखता है। रात को सोने से पहले 5 मुनक्का खाने से कब्ज और गैस की बीमारी से निजात पाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button