बर्ड फ्लू को लेकर नैनीताल चिड़ियाघर में हाई अलर्ट घोषित, पढ़िए पूरी खबर
नैनीताल,VON NEWS: बर्ड फ्लू को लेकर नैनीताल चिड़ियाघर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। चिड़ियाघर में आने वाले हर पर्यटक को एंट्री प्वॉइंट में ही वन्य जीवों को निहारने के दौरान निश्चित दूरी बनाए रखने व बाड़े को नहीं छूने की सख्त हिदायत के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।
बाड़ों के आसपास सेनेटाइज करने के साथ ही साफ सफाई की गई है। बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए बंगाल टाइगर तक के लिए चिकन प्रतिबंधित कर दिया गया है।
जीबी पंत उच्चस्थलीय प्राणी उद्यान में 226 प्राणी, फिजेंट्स तथा प्राणी हैं। इसमें कली फिजेंट्स के साथ अनेक चिड़िया व जीव जंतु दुर्लभ श्रेणी के हैं। चिड़ियाघर के रेंजर अजय रावत ने बताया कि फिजेंट्स व बर्ड की संख्या 167 है। बर्ड फ्लू के संक्रमण से बचाने के लिए चिकन, अंडे आदि को भोजन के मीनू से फिलहाल हटा दिया गया है।
फिजेंट्स व बर्ड के बाड़े के बाहर पोस्टर चस्पा कर दिया गया है। जिसमें पर्यटकों को जागरूक करते संदेश लिखे गए हैं। उन्होंने कहा कि संक्रमण की रोकथाम के लिए पुख्ता कदम उठाए गए हैं। कर्मचारियों की भी अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है।