भाजपा प्रवक्ता डॉ. शम्शी पर जानलेवा हमला, इवनिंग कॉलेज के पास बदमाशों ने मारी गोली!
VON NEWS: बिहार के मुंगेर से एक बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार यहां भाजपा के प्रवक्ता डॉ. अजफर शम्शी को मुंगेर के इवनिंग कॉलेज के पास बदमाशों ने गोली मार दी है। उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। भाजपा प्रवक्ता को दिनदहाड़े गोली मारे जाने की घटना से हर कोई हैरान है।
खंगाली जा रही है सीसीटीवी फुटेज
बता दें, अजफर मुंगेर के इवनिंग कॉलेज में प्रोफेसर भी हैं। जानकारी के अनुसार, घटना के समय वह अपनी कार से निकल रहे थे। उनकी ताक में अपराधी पहले से ही वहीं पर मौजूद थे। जैसे ही वह अपनी कार से निकले, बदमाश उन्हें अपना निशाना बनाते हुए गोली चलाने लगे। गोली लगने से अजफर जख्मी हो गए और गिर पड़े। इसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। उनकी पहचान के लिए आसपास के कई इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
गोली लगने से घायल हुए शम्शी को जल्दी-जल्दी में सदर अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज हो रहा है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग की, जिसमें से एक गोली अजफर की जांघ में लग गई। इससे वह गिर पड़े। अभी इस बात का पता नहीं चल सका है कि भाजपा प्रवक्ता को गोली क्यों मारी गई। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है और छानबीन में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।