नोएडा में ठगी को खोला था काल सेंटर,पांच साल से चल रहा था खेल जानिए पूरा मामला
आगरा,VON NEWS: सर्जीकल उपकरणों के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह ने मथुरा से पहले नोएडा में भी काल सेंटर खोला था। वहां पर भी इसी तरह कर्मचारियों को रखकर व्यापारियों को ठगा था। पुलिस से बचने को गिरोह अब तक चार बार अपना ठिकाना बदल चुका था।
रेंज साइबर थाने की पुलिस ने गुरुवार को मथुरा के व़ृंदावन और गोवर्धन चौराहे के पास छापा मारा था। वहां से अशोक, रविंद्र, अजयपाल, दीपक और कुलदीप को गिरफ्तार किया था। गिराेह के सरगना चंद्रशेखर और जगदीश हैं। जो पुलिस के हाथ नहीं आए हैं।
इंस्पेक्टर रेंज साइबर थाना शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपितों ने पूछताछ में कई अहम जानकारी दीं हैं। आरोपितों ने बताया कि दोनों सरगना पांच साल से सर्जीकल उपकरणों की आपूर्ति के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे हैं। अब तक पांच ठिकाने बदल चुके हैं। गिरोह ने सबसे पहले नोएडा में काल सेंटर खोला था।
लोगों को सस्ती कीमत पर कपड़ों और जूते का लालच दिया था।लोगों द्वारा पुलिस में शिकायत करने पर गिराेह ने ठिकाना बदल दिया। फरीदाबाद में सेंटर खोल लिया। यहां पर भी पुलिस सक्रिय हुई तो मथुरा में आकर सेंटर खोला। गिरोह की शिकायत पर वह कई लोगों की रकम लौटा चुका था। इंस्पेक्टर शैलेश कुमार सिंह ने बताया गिरोह के सरगना की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।