मार्च से बदलेगा दिल्ली-एनसीआर में मौसम, बढ़ेगी ठंड.. पढ़िये पूरी खबर

नई दिल्ली,VON NEWS: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह लोगों को हल्की ठंड का एहसास हुआ, लेकिन कोहरा नहीं था। वहीं, इससे पहले सोमवार को राजधानी दिल्ली में दिनभर गर्माहट का महसूस होती रही, लेकिन हवा की बढ़ी हुई रफ्तार से सुबह-शाम हल्की ठंड रही।

मौसम विभाग के मुताबिक करीब एक सप्ताह ऐसा ही मौसम बना रहेगा। सुबह-शाम हल्की ठंड रहेगी, जबकि दिन में गर्मी लगेगी। मार्च के पहले सप्ताह में मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 11 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 48 से 100 फीसद दर्ज हुआ।

वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 2 मार्च को एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ की संभावना बन रही है। इसके असर से पहाड़ों पर बर्फबारी होगी, जबकि हवा के रुख में बदलाव आएगा। इससे तापमान में गिरावट आएगी और कई दिन ठंड बनी रहेगी। वहीं, मार्च के दूसरे सप्ताह से गर्मी में फिर से इजाफा होना शुरू हो जाएगा और यह फिर बना रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो होली के दिन 29 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में ठीकठाक गर्मी होगी।

हवा की गति बढ़ी पर नहीं कम हुआ वायु प्रदूषण

राजधानी दिल्ली में स्थानीय कारणों से प्रदूषण का लगातार बढ़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से जारी एयर बुलेटिन के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 288 दर्ज किया गया। एनसीआर के शहरों में फरीदाबाद का एक्यूआइ 265, गाजियाबाद का 318, ग्रेटर नोएडा का 294, गुरुग्राम का 296 और नोएडा का 290 दर्ज किया गया। गाजियाबाद को छोड़कर सभी जगहों की हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई। दूसरी तरफ दिल्ली में पीएम 10 का स्तर 245 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और पीएम 2.5 का स्तर बढ़कर 131 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर का स्तर दर्ज किया गया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button