उत्तराखंड मौसम अपडेटः प्रदेश के इन पांच जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका, अलर्ट जारी

VON NEWS: पर्वतीय इलाकों में मंगलवार को मौसम खराब रहने की संभावना है। वहीं, मैदानी इलाकों में घना कोहरा रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय जिलों में बादल गरजने के साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। राजधानी देहरादून में आज सुबह से धूप खिली हुई है।

मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि गढ़वाल के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग व कुमाऊं के बागेश्वर, पिथौरागढ़ में गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। संबंधित जिलों को अलर्ट किया गया है। इसके अलावा हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर व अन्य मैदानी इलाकों में घना कोहरा बना रहेगा।

इससे यातायात पर भी असर पड़ सकता है। कहा कि देहरादून में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। बीच-बीच में हल्के बादल भी छाए रह सकते हैं। मंगलवार को शहर में अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम 10.2 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तराखंड में स्थापित किया जाए प्रादेशिक मौसम केंद्र

गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री हर्ष वर्धन से उत्तराखंड में प्रादेशिक मौसम केंद्र स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की और उन्हें अपनी मांग से संबंधित एक पत्र सौंपा।

गढ़वाल सांसद ने कहा कि आपदा एवं एक्सट्रीम वेदर के लिहाज से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र बहुत संवेदनशील है। इसके अंतर्गत उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख मौसम केंद्र व उपकेंद्र आते हैं। इन सभी राज्यों की भौगोलिक और जलवायु की स्थितियां समान हैं।

उत्तराखंड राज्य आपदा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। यहां अकसर आपदाएं आती रहती हैं। राज्य के पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन, अत्यधिक वर्षा, बाढ़, बादल फटने की घटनाएं आम हैं। उन्होंने कहा कि आपदा की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य में मौसम के सटीक पूर्वानुमान के लिए प्रादेशिक मौसम केंद्र की आवश्यकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button