मिला धरती के सबसे प्राचीन जीव डिकिनसोनिया का 5700 लाख वर्ष पुराना जीवाश्म!
भोपाल,VON NEWS: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में स्थित विश्व धरोहर भीमबैठका एक बार भी फिर चर्चा में है। बीते साल यहां भ्रमण करने पहुंचे अंतरराष्ट्रीय भू विज्ञानियों की नजर एक जीवाश्म पर पड़ी तो उन्होंने इसकी तस्वीर लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परीक्षण किया। पता चला कि यह जीवाश्म पृथ्वी के पहले जीव का है। हाल ही में गोंडवाना शोध पत्रिका में इसका प्रकाशन हुआ।
अंतरराष्ट्रीय भू विज्ञानी दल का नेतृत्व करने वाले नागपुर स्थित भारतीय भूविज्ञान सर्वेक्षण विभाग (जीएसआइ) के निदेशक रंजीत खंगार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय 36वीं भूविज्ञान कांग्रेस मप्र की राजधानी भोपाल के नजदीक विश्व धरोहर भीमबैठका में आयोजित होनी थी जो कि स्थगित हो गई। अंतरराष्ट्रीय भूविज्ञानियों के दल के साथ वे 25 फरवरी से 25 मार्च 2020 में भीमबैठका का भ्रमण करने गए थे। इस दल में वे स्वयं व उनके साथी समन्वयक मेराजुद्दीन तथा डेव नकर्सन (कनाडा), ग्रेगरी रिटालैक (अमेरिका), इयान राइन, पामेला चेस्टर (न्यूजीलैंड) व शरद मास्टर (दक्षिण अफ्रीका) शामिल थे। सभी ने मप्र में सांची और भीमबैठका की यात्र की थी।
ऑस्ट्रेलिया में मिला था 5410 लाख वर्ष पुराना जीवाश्म
भीमबैठका में मिला यह जीवाश्म पृथ्वी के सबसे प्राचीन जानवर डिकिनसोनिया का होने की पुष्टि दक्षिण आस्ट्रेलिया में इसी जानवर के 5410 लाख वर्ष पुराने जीवाश्म से मिलान करने पर हुई है। इसलिए यह कहा जा सकता है कि भीमबैठका में मौजूद डिकिनसोनिया का जीवाश्म विश्व का सबसे पुराना है।