बाजार में आया एक-एक किलो का अमरूद, लोगों को खूब भा रहा है!
रुद्रपुर,VON NEWS: इन दिनों बाजार में ठेले पर दिखने वाले बड़े-बड़े अमरूदों को देखकर जी ललचा जा रहा है। वीएनआर वीही प्रजाति के ये अमरूद बाजार पर कब्जा किए हैं।
लोग इसके स्वाद को पसंद भी कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से उत्पादित यह फल जिले में दिल्ली मंडी से पहुंचाया जा रहा है। बड़े आकार का यह फल 500 ग्राम से लेकर एक किलोग्राम तक का है। मीठे स्वाद व कम बीजों से युक्त इस फल को लोग हाथों हाथ खरीद रहे हैं।
अमरूदों की बात की जाए तो जिले में बड़े स्तर पर उत्पादित एल-49 का बोलबाला है। जिसकी बागवानी जिले में अनगिनत किसान कर रहे हैं। लेकिन वीएनआर वीही प्रजाति का सफेद रंग का अमरूद विशिष्ट खूबियों के कारण लोगों की पहली पसंद बना हुआ है।
रुद्रपुर के बगवाड़ा फल मंडी में अमरूद के थोक कारोबारी राजीव मिड्ढा ने बताया कि दिल्ली मंडी से यह अमरूद आ रहा है। जिसे स्थानीय स्तर पर खूब खरीदा जा रहा है। जिला उद्यान अधिकारी हरीश चंद्र तिवारी ने बताया कि वीएनआर वीही का रोपण जिले में भी किया जा रहा है। जिसमें सितारगंज, पंतनगर आदि जगहों पर इसका प्लांटेशन किया गया है।
बेहतरीन पैकिंग आकर्षण का केंद्र
मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ से आने वाला वीएनआर वीही प्रजाति का यह अमरूद आकर्षक पैकिंग के चलते भी लोगोें की पसंद बन रहा है। आधा से डेढ़ किलो वजन के इस अमरूद को जाली वाले पैक में तैयार किया जा रहा है। जिसमें एक पैक में सिर्फ एक अमरूद रखा गया है।