आंध्र प्रदेश की पुलिस ने दिनेशपुर में दी दबिश, पढ़े पूरा मामला
दिनेशपुर (ऊधमसिंह नगर),VON NEWS: विशाखापत्तनम में बदमाशों को पिस्टल और कारतूस सप्लाई करने वाले युवक को आंध्र प्रदेश पुलिस ने सोमवार सुबह मोतीनगर नंबर एक दबिश देकर घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम शहर के अनकापल्ली थाने के एसआइ एल रामकृष्णा, डीएन खन्ना, कांस्टेबल श्रीनिवास व डीएल कृष्णा ने दिनेशपुर थाने में आमद कराई। इसके बाद टीम स्थानीय पुलिस के साथ मोतीपुर नंबर एक गांव में दबिश देकर सम्राट ढाली पुत्र जगबंदू ढाली को पकड़ लिया। साथ ही युवक को थाने ले आई।
आंध्र प्रदेश पुलिस ने बताया कि सम्राट दिल्ली में एक ऑनलाइन कंपनी में सप्लायर का काम करता है। उसने अक्टूबर में दिल्ली के ही अभिषेक भारद्वाज नामक युवक के साथ मिलकर विशाखापत्तनम में बदमाशों को एक पिस्टल और कारतूस की सप्लाई दी थी।
आंध्र पुलिस ने बताया कि सम्राट बिहार के एक युवक से संपर्क कर बिहार के मुंगेर जिले से पिस्टल खरीद कर लाता था। उसने 14 अक्टूबर को विशाखापत्तनम जाकर बदमाशों को 80 हजार रुपये लेकर पिस्टल और कारतूस की डिलीवरी की थी। उन्होंने बताया कि सम्राट इससे पहले भी पंजाब में एक व्यक्ति को पिस्टल की डिलीवरी दे चुका है।
सम्राट ने विशाखापत्तनम में पिस्टल दी थी। उसने जिसे पिस्टल बेची थी, उसने एक व्यापारी से सात लाख की रंगदारी मांगी थी। व्यापारी की शिकायत पर अनकापल्ली थाना पुलिस ने जब छानबीन शुरू की तो सर्विलांस के जरिए दिल्ली के एक युवक और सम्राट के घटना में शामिल होना पाया गया।
इसके बाद आंध्र प्रदेश पुलिस की दो टीमें गठित की गईं। एक टीम ने दिल्ली में दबिश देकर अभिषेक भारद्वाज नामक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपित की तलाश में दूसरी टीम दिनेशपुर पहुंची।
छानबीन के दौरान यह बात भी सामने आई है कि विशाखापत्तनम में जिस बदमाश को सम्राट ने पिस्टल दी थी। उसका एक उद्योगपति की हत्या करने के लिए लाखों रुपये की सुपारी की डील भी चल रही थी। आंध्र पुलिस ने बताया कि सम्राट पढ़ा लिखा है और उसने स्नातक की पढ़ाई की है।
पूछताछ में सम्राट ने बताया कि यूट््यूब में वीडियो देखकर जल्द ही पैसा कमाने के लालच में वह इस धंधे में आया। फिलहाल सम्राट से थाने में पूछताछ की जा रही है। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद आंध्रप्रदेश पुलिस को रिमांड पर लेकर विशाखापत्तनम ले जाएगी।