दिल्ली में ओर गिर सकता है पारा, बढ़ेगी ठंड पढ़े पूरी खबर
नई दिल्ली,VON NEWS: मौसम विभाग के मुताबिक दो दिनों के दौरान मध्य और पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है लेकिन उसके बाद उसमें दो से चार डिग्री सेल्सियस गिरावट होगी। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है क्योंकि बर्फीले पश्चिमी हिमालय से मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे था। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट की संभावना है।
दिल्ली में ठंड हवाओं के साथ तापमान में गिरावट
दिल्ली में ठंडी हवाओं के साथ ही सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं तेज हवाओं की वजह से वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ और यह मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। सुबह दिल्ली में वायु गुणवत्ता सचूकांक (एक्यूआई) 169 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि आज अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है
कश्मीर और लद्दाख में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे
कश्मीर और लद्दाख में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया। लद्दाख के लेह में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 13.2 और कारगिल में शून्य से 11.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कटरा में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री, बटोत में 0.2 डिग्री , बनिहाल में शून्य से 1 डिग्री सेल्सियस नीचे और भदरवाह में शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कश्मीर और लद्दाख में रात का तापमान सोमवार को हिमांक से नीचे चला गया जबकि जम्मू-कश्मीर के जम्मू शहर में घने कोहरे के कारण हवाई और जमीनी यातायात प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में 21 दिसंबर तक मुख्य रूप से शुष्क मौसम रहने की बात कही है और इसने दोनों केंद्र शासित प्रदेशों में रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई है। वहीं निचले इलाकों में कोहरे की मोटी चादर ने जम्मू शहर में हवाई और जमीनी यातायात को बाधित कर दिया, जहां तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4, पहलगाम में शून्य से 6.7 और गुलमर्ग में शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।