उत्तराखंड में ठंड बढ़ी, मैदानी इलाकों में छा सकता है कोहरा!
VON NEWS: प्रदेश के मैदानी इलाकों में आज और कल घना कोहरा छाया रह सकता है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। इसके अलावा विभाग ने मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री तक की कमी आ सकती है। इससे ठंड में इजाफे को देखते हुए लोगों को सर्दी से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम केंद्र की ओर से रविवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर के अधिकांश और नैनीताल व पौड़ी के मैदानी इलाकों में बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। इसके अलावा सोमवार से इन इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री तक कम रह सकता है।
जिससे दैनिक औसत तापमान 15 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। विभाग ने अचानक ठंड बढ़ने पर लोगों को सर्दी से बचाव करने की सलाह दी है। साथ ही सभी जिलों के अधिकारियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के लिए भी कहा गया है।
शीतलहर ने बढ़ाई ठंड, चकराता में -02 डिग्री पहुंचा पारा
पहले बर्फबारी और फिर ठंडी हवाओं ने ठंड में खासा इजाफा कर दिया है। दिनभर पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंडी हवाएं चलती रही। चकराता में खिली धूप ने भले ही अधिकतम तापमान में इजाफा किया हो, लेकिन न्यूनतम तापमान -02 डिग्री पर जा पहुंचा। शाम ढलने के बाद से ही ठंड बढ़ गई।
जगह-जगह लोग ठंड से बचाव के लिए अलाव और हीटर तापते नजर आए। पहाड़ी इलाकों के बाजारों में जल्द ही सन्नाटा पसर गया। इससे पहले बीते शनिवार को पहाड़ी इलाकों में झमाझम बारिश के बीच बर्फबारी हुई थी।
मैदानी इलाकों में भी दिनभर ठंडी हवाएं शरीर में सिहरन पैदा करती रही। शीतलहर चलने से दोपहर बाद आसमान में धुंध छा गई, जिसके चलते सूरज के दर्शन नहीं हो सके। वहीं, विकासनगर का अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम 07 डिग्री रहा।