आगरा की आधी आबादी हो रही डिप्रेशन की शिकार, जानिए क्यों!

आगरा,VON NEWS: केस एक: सदर क्षेत्र निवासी युवती एक कंपनी में 20 हजार रुपये महीने की नौकरी करती थी। लाकडाउन से पहले सब कुछ अच्छा चल रहा था। युवती अपने शौक पूरा करने के साथ ही परिवार की आर्थिक मदद भी कर रही थी। वेतन अच्छा होने के चलते उसने दस महीने पहले ही दोपहिया वाहन फाइनेंस करा लिया था।

लाकडाउन के दौरान उसे घर बैठना पड़ा। एक महीने बाद ही उसकी नौकरी चली गई। इस दौरान परिवार की आर्थिक स्थिति भी बिगड़ गई। नौकरी छूटने से युवती की जमा पूंजी भी खत्म हो गई। उधर, गाड़ी की किस्त नहीं जमा होने से फाइनेंस कंपनी वालों ने तकादा शुरू कर दिया। इससे युवती डिप्रेशन में आ गई। कोई रास्ता नहीं सूझा तो आशा ज्योति केंद्र पहुंची। युवती का कहना था कि उसे काउंसिलिंग की जरूरत है। इससे कि वह तनाव से उबर सके।

केस दो: शाहगंज क्षेत्र निवासी विवाहिता की समस्या तो बिल्कुल अलग है। पति का कारोबार अच्छे से नहीं चलने पर उनके व्यवहार में बदलाव आ गया। वह पत्नी से बात- बात पर नाराज होने लगे। कोरोना के चलते पत्नी को कई महीने अपने साथ बाहर घुमाने नहीं ले गए। आर्थिक तंगी, पति के व्यवहार में आए बदलाव और घर से बाहर नहीं निकलने के चलते महिला डिप्रेशन में आ गई। अपने आप में गुमसुम सी रहने लगी।

एक दिन इसी उधेड़बुन में छत पर टहलते समय वह बाउंड्री वाल को नहीं देख पाई। वह छत से नीचे आ गिरी। हालांकि उसे ज्यादा चोट नहीं आ सकी। उधर, ससुराल वालों को लगा कि वह छत से खुदकुशी करने कूदी है। महिला के मायके आने के बाद वह उसे लेने नहीं आ रहे। उन्हें डर हे कि महिला कहीं छत से दोबारा गिर गई तो उसके स्वजन उन पर आरोप लगा सकते हैं। वहीं महिला पति के पास जाना चाहती है। उसने महिला हेल्पलाइन से पति के पास लौटने के लिए मदद मांगी है।

केस तीन: जगदीशपुरा क्षेत्र निवासी पति-पत्नी एक फैक्ट्री में काम करते थे। लाकडाउन मे दाेनों को फैक्ट्री मालिक ने काम से निकाल दिया। इसके बाद से पति खाली बैठा हुआ है। वह तनाव में आ गया है। पत्नी ने गत्ते के डिब्बे बनाने वाले एक कारखाने में किसी तरह से अपना काम लगा लिया। मगर, दो सप्ताह बाद उसे वहां से निकाल दिया गया। पति-पत्नी दोनों खाली हो गए हैं। ससुर पर घर चलाने की जिम्मेदारी है।

वह अपनी पेंशन से जैसे-तैसे घर चला रहे हैं। बहू को कुछ सौ रुपये देते हैं। छह हजार रुपये महीने कमाने वाली बहू इससे डिप्रेशन मे आ गई । उसने 112 नंबर पर फोन कर दिया। पुलिस ने मामला काउंसिलिंग के लिए आशा ज्योति केंद्र भेज दिया। महिला का कहना था कि उसे फैक्ट्री में नौकरी दिलवाई जाए।

केस चार: शाहगंज क्षेत्र निवासी पति-पत्नी की शादी नवंबर 2019 में हुई है। शादी के पांच महीने बाद ही लाकडाउन हो गया। फैक्ट्री और कारखाने बंद हो गए। पति ने पत्नी से होली के बाद घूमने के लिए बाहर चलने की कहा था। मगर, घूमना तो दूर अनलाक में पति को किसी तरह एक फैक्ट्री में काम मिला। कोरोना गाइड लाइन के चलते फैक्ट्री में मजूदरों की संख्या कम होने के चलते दोगुना काम करना पड़ रहा है।

पति के रोज देर तक लौटने से पत्नी को उस पर शक होने लगा। पत्नी को लगा कि पति के किसी और महिला से प्रेम संबंध हैं। इसे लेकर आए दिन विवाद होने लगा। पति के अन्य महिला से संबंध होने के शक में पत्नी तनाव का शिकार हो गई। वह पति के खिलाफ महिला थाने पहुंच गई। यहां पर करीब एक महीने तक चली काउंसिलिंग के बाद पुलिस उसे यह समझा सकी कि पति का देर से आने का कारण काम की अधिकता है। इसके बाद पत्नी उसके साथ दोबारा घर जाने काे राजी हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button