सफाई कर्मी को दी दीपावली की मिठाई, घर आकर खोला डिब्‍बा तो निकले रुपये, जानिए

नई दिल्ली,VON NEWS: कांति नगर वार्ड में नगर निगम की एक महिला सफाई कर्मचारी ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। रोशनी नामक इस कर्मचारी को सुबह एक बुजुर्ग ने मिठाई की जगह नोटों से भरा थैला दे दिया। महिला जब घर लौटीं तो थैले को खोलकर देखा। उसमें दस लाख रुपये थे।

उन्होंने तुरंत इसकी सूचना वार्ड के सफाई अधीक्षक को दी। इसके बाद दोनों पार्षद कंचन महेश्वरी के कार्यालय में पहुंच गए। यहां बुजुर्ग को बुलाया गया और उन्हें उनके दस लाख रुपये वापस कर दिए गए। अपनी रकम पाकर साेनू नंदा काफी प्रसन्न हुए और उन्होंने रोशनी को 2100 रुपये का इनाम अपनी तरफ से दिया।

कंचन महेश्वरी ने कहा कि रोशनी ने उनके वार्ड के साथ पूर्वी नगर निगम का भी नाम रोशन कर दिया है। निगम के कर्मचारियों को हमेशा शक की दृष्टि से देखा जाता है। लेकिन, रोशनी ने साबित कर दिया है कि पूर्वी निगम में ईमानदार लोग भी काम करते हैं।

जानकारी के मुताबिक रोशनी पूर्वी निगम में स्थायी कर्मचारी हैं। मंगलवार सुबह वह शंकर नगर एक्सटेंशन की गली नंबर-छह में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान पास में रहने वाले सोनू नंदा ने एक थैला दिया और बोला कि इसमें दीवाली की मिठाई है। रोशनी ने थैले को अपने पास मिठाई समझकर रख लिया। घर पहुंचने पर थैला खोला तो नोटों की गड्डी देखकर वह सकते में आ गईं। उन्होंने तुरंत सफाई अधीक्षक जितेंद्र को इसकी जानकारी दी।

इसके बाद दोनों पार्षद कंचन महेश्वरी के कांति नगर स्थित कार्यालय में पहुंच गईं। उधर, सोनू नंदा ने बताया कि उन्होंने मिठाई समझकर थैला रोशनी को दे दिया था। जब उनके बेटे ने थैले को खोजना शुरू किया तो उन्हें पता चला कि उसमें दस लाख रुपये थे। रोशनी का नंबर नहीं था तो वह भी परेशान हो गए। इस बीच पार्षद कार्यालय से उनके पास फोन आया। इसके बाद वह बेटे के साथ यहां पहुंच गए। अपनी रकम वापस पाकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button