त्योहारी सीजन में बढ़ा कोरोना का दायरा,पढ़िए पूरी खबर
मेरठ,VON NEWS: मेरठ और आसपास के जिलों में कोरोनावायरस थमने को नाम ही नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटों में इन जिलों में 220 नए मामले सामने आए हैं। मेरठ में मंगलवार को संक्रमण के 133 नए मामले सामने आए। दो मरीजों की मृत्यु की पुष्टि की गई। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि 3997 सैंपल की जांच की गई। 162 मरीजों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया है। वहीं, मंगलवार को साबुन गोदाम क्षेत्र में विशेष जांच के दौरान 71 लोगों की एंटीजन जांच की गई। इसमें नौ लोग पाजिटिव पाए गए। 18 लोगों का आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया। इसमें करीब तीन पाजिटिव हैं। रिपोर्ट आनी शेष है।
बागपत में कोरोना के संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग के मुखिया को ही जकड़ लिया है। उनकी पत्नी और बेटा भी कोरोना पॉजिटिव हो गए है। वहीं एक सपा नेता के भाई दिल्ली पुलिस से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर की कोरोना से मौत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है। सीएमओ ऑफिस को सील कर दिया गया है। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले निरंतर मिल रहे है। मंगलवार को आई रिपोर्ट में पांच लोग कोरोना पॉजिटिव आए है। इनमें सीएमओ डा. आरके टंडन, उनकी पत्नी और बेटा भी संक्रमित हो गए है। ये सभी होम आइसोलेशन में रहकर उपचार करवाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर ओर से होम आइसोलेशन की प्रक्रियां पूरी कर ली है।
बिजनौर में कोरोना संक्रमण का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को 12 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से छह रोगी अस्थाई जेल में जांच में पाये गये है। अब जिले में मात्र 188 सक्रिय रोगी हैं। त्योहारी सीजन में कोरोना संक्रमण भी रंग दिखा रहा है। लगातार मरीज मिल रहे हैं। सोमवार को जहां 44 रोगी मिले, वहीं मंगलवार को 12 रोगी मिले हैं। सोमवार को पुलिस लाइन में 37 रोगी मिले थे। लोगों में कोरोना का डर खत्म हो चुका है। यही कारण है कि लोग लापरवाही बरतने लगे हैं। मंगलवार को बिजनौर में तीन, पुलिस लाइन में एक पंजाबी कालोनी धामपुर में दो एवं अस्थाई जेल में छह रोगी मिले हैं। जिले में अब तक कुल 3863 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। 3437 लोग ठीक हो कर घर लौट चुके हैं, जबकि 58 लोगों की मौत हो चुकी है। अब जिले में मात्र 188 संक्रमित शेष है।
अब तक जिले में कुल 199180 लोगों के सैम्पल जांच को भेजे जा चुके हैं। इनमें से 196832 की रिपोर्ट आ चुकी हैं। सीएमओ कार्यालय को मिली जांच रिपोर्ट में 103170 निगेटिव पाए गए, जबकि 2348 लोगों की रिपोर्ट आना शेष है। जिला अस्पताल में कार्यरत वरिष्ठ फिजिशियन डा. राधेश्याम वर्मा का कहना है कि इन दिनों बाजार में अधिक भीड़ बढ़ गई है। लोग लापरवाही बरत रहे हैं। संभवतय यही कारण है कि रोगियों की संख्या में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को चाहिए कि वह बिना मास्क लगाए घर से बाहर न निकलें। कम से कम दो गज की दूरी रखें। नियमित रूप से साबुन अथवा सैनिटाइजर से हाथ साफ करें। लापरवाही न बरतें। खुद और अपने स्वजनों को बीमार होने से बचाएं।