रायबरेली में युवक ने किशोरी को मारी गोली; जानिए पूरा मामला

रायबरेली,VON NEWS: उत्तर प्रदेश के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की रात युवक ने प्रेम प्रसंग में किशोरी को गोली मार दी। गोली किशोरी के गले के नीचे लगी, उसे नाजुक हालत में जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

ये है पूरा मामला 

मामला ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के ठकुराइन का पुरवा मजरे उसरैना गांव का है। यहां के निवासी नौशे पुत्र अब्दुल ने कुछ दिन पहले वहीं की 17 वर्षीय किशोरी के सामने अपने प्रेम का प्रस्ताव रखा। किशोरी ने उसे मना कर दिया। इसी बात को लेकर नौशे उससे रंजिश रखने लगा। सोमवार की रात किशोरी अपनी मां के साथ दरवाजे चारपाई पर लेटी थी। आरोप है कि तभी नौशे अपने साथी अंकुश के साथ उसके दरवाजे पहुंचा और किशोरी पर तमंचे से फायर कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपित वहां से भाग निकले।

इधर, गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग भी जग गए। कुछ ही देर में वहां गांव वालों का मजमा लग गया। निजी वाहन से किशोरी को गंभीर हालत में सीएचसी ऊंचाहार फिर जिला अस्पताल लाया गया। बाद में उसको ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ जानलेवा हमले का मामला फिलवक्त दर्ज किया गया है।

क्या कहती है पुलिस ? 

कोतवाल पंकज तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपितों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मेडिकल परीक्षण के बाद उनको जेल भेजा जाएगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button