स्वयं सहायता समूह तैयार कर रहे फेस मास्क
रुद्रपुर, VON NEWS: कपड़े से तैयार एंटी कोरोना फेस मास्क लोगों को खूब पसंद आ रहा है। जिसकी कीमत पांच से 15 रुपये तक है। इसे सिलाई करके घर पर ही तैयार किया जा सकता है। जिले के करीब डेढ़ दर्जन स्वयं सहायता समूह फेस मास्क बनाने में लगे हैं। बाजार में जहां मास्क की किल्लत नजर आ रही है वहीं कई स्टोर पर महंगे दामों में बेचे जाने की शिकायत आ रही है। ऐसे में घर पर मास्क तैयार कर सस्ते दाम में लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
कोरोना की बीमारी देश व दुनिया में फैलने के बाद फेस मास्क की मांग तेजी से बढ़ी है। मांग के अनुसार पूर्ति कम होने से कीमतों में तेजी से उछाल आया है। हालत यह है कि एक रुपये में मिलने वाला यूज एंड थ्रो मास्क आठ से 10 रुपये में बिक रहा है। जबकि आजीविका मिशन की ओर से स्वयं सहायता समूह काफी कम कीमत पर एंटी कोरोना फेस मास्क बना रहे हैं। जिसे धुलकर फिर से प्रयोग किया जा सकता है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला थीमेटिक विशेषज्ञ नवाब हैदर ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के जरिए करीब 1200 मास्क बनकर तैयार हो गए हैं। जिसमें से 500 मास्क बाजार में बेच भी दिए गए हैं। लोग मास्क पसंद कर रहे हैं। समूह इसे 15 रुपये प्रति मास्क के रेट पर बेच रहे हैं। शहरी आजीविका मिशन की प्रभारी ममता आर्या ने बताया कि चार स्वयं सहायता समूह फेस मास्क बना रहे हैं, जिसे स्थानीय स्तर पर बेचा जा रहा है।
फेस मास्क सामान्य रुमाल व अन्य कपड़ों से तैयार किया जा सकता है। आजीविका मिशन की कम्यूनिटी रिसोर्स पर्सन केका रानी ने बताया कि करीब 60 रुपये में एक मीटर तक सूती कपड़ा मिल जाएगा, जिसमें करीब 40 फेस मास्क आसानी से तैयार हो जाएंगे। चौकोर पट्टी में मास्क की कटिंग करने के बाद बांधने के लिए कपड़े की स्ट्रिप या इलास्टिक लगाकर सिलाई कर दें। इस तरह आधा घंटे के अंदर मास्क बनकर तैयार हो जाएगा, जिसमें चार से पांच रुपये का खर्च आएगा।
यह भी पढ़े :
फर्जी दस्तावेजों से जमीन कब्जाने में दो के खिलाफ मुकदमा