देहरादून,VON NEWS: राजधानी दून समेत आसपास के इलाकों में शुक्रवार की तरह ही शनिवार की सुबह की शुरुआत बारिश के साथ हुई।
उत्तराखंड में आज भी ज्यादातर इलाकों में मौसम खराब है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग ने आज ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश होने और ओले गिरने का अनुमान जताया है।
मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार शनिवार को भी कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।
चारों धामों में फिर बर्फबारी, कई सड़कें बाधित, बिजली गिरने से एक की मौत
उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल में तीसरे दिन शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। चारों धामों समेत ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई है। उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री और गंगोत्री हाईवे समेत कई सड़कें अवरुद्ध हो गईं। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे देवप्रयाग में साढ़े पांच घंटे बाधित रहा।
गंगोत्री हाईवे पर सुक्की से आगे वाहनों की आवाजाही ठप है, जबकि यमुनोत्री हाईवे पर भी हनुमानचट्टी से आगे यातायात जोखिम भरा बना हुआ है। जगह-जगह मलबा आने से जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर में छह संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं। उधर, कुमाऊं मंडल में भी शुक्रवार को मूसलाधार बारिश हुई और ओले गिरे। चोटियों पर हिमपात हुआ। काशीपुर में बिजली गिरने से मलबे में दबकर बालक की मौत हो गई।
देहरादून में एक घर पर आकाशीय बिजली गिरी
आकाशीय बिजली गिरने से शुक्रवार को
देहरादून के आरकेडिया गोरखपुर क्षेत्र में दो मंजिला मकान की छत के बीचोंबीच बड़ा छेद हो गया। इससे नीचे खाना बना रही महिला घायल हो गई। वहीं, मोहल्ले में बड़ी संख्या में लोगों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फुंक गए।
शुक्रवार सुबह लगातार बारिश के बीच कई बार बिजली भी कड़की। सुबह करीब साढ़े नौ बजे आरकेडिया गोरखपुर की क्रिश्चियन कॉलोनी में जॉन पीटर के दो मंजिला मकान के ऊपरी हिस्से में किराएदार महिला खाना बना रही थी। इसी दौरान बिजली गिरने से छत में छेद हो गया। किचन में रखे बेलन के भी दो टुकड़े हो गए।
मसूरी में ओलावृष्टि, तापमान में गिरावट
मसूरी में देर रात से हो रही बारिश ओर ओलावृष्टि होने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को भी यहां बारिश होती रही। यहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ठंड बढने से लोगो का हाल बेहाल है।
स्कूल बंद होने के कारण छात्र-छात्राओं को राहतहै। मौसम खराब होने की वजह से पहाड़ी इलाकों में खासी ठंड पड़ रही है। जिससे लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हो गए हैं। देश विदेश से मसूरी आए पर्यटक का भी ठंड से बुरा हाल है। वह भी अपने होटलों के कमरे में कैद रहने को मजबूर हैं।
धनोल्टी में गुरुवार रात से बारिश और बर्फबारी जारी है। वहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस बार किसानों पर मौसम की बड़ी मार जमकर पड़ी है। बेमौसम बारिश ने किसानों की फसल को बर्बाद कर दिया है। जिससे पहाड़ के किसान मायूस हैं।
यह भी पढ़े