चांठी पुल के इंजीनियरों की राह पढ़िए पूरी खबर :
नई टिहरी, VON NEWS: चीन, इटली, जापान सहित दुनिया के आधे देशों में कोहराम मचाने के बाद अब भारत में कोरोना वायरस की दस्तक का असर डोबरा-चांठी पुल के काम पर भी पड़ा है। लोक निर्माण विभाग ने पुल का डिजाइन बनाने वाली कोरियाई कंपनी के इंजीनियरों को आखिरी चरण के काम के लिए भारत बुलाया था। लेकिन, भारत में भी कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज मिलने से दोनों इंजीनियरों को भारत का वीजा नहीं मिल पा रहा है। इससे पुल के दूसरे चरण का कार्य शुरू नहीं हो पाया। अब लोनिवि ने विकल्प के तौर पर कोलकाता में काम कर रहे इसी कंपनी के एक अन्य इंजीनियर को पत्र भेजा है।
डोबरा चांठी पुल का डिजाइन दक्षिण कोरियाई कंपनी योसीन ने बनाया था और कंपनी के सुझाव पर ही पुल का दूसरे चरण का काम शुरू किया गया। कोरियाई कंपनी के दो इंजीनियर डोबरा पुल के दूसरे चरण के काम के लिए वर्ष 2016 से लगातार टिहरी में निर्माण स्थल पर आते रहे हैं। अब पुल का आखिरी चरण का काम चल रहा है और लोनिवि ने मार्च महीने में पुल के उद्घाटन का दावा किया था।
टिहरी बांध प्रभावित प्रतापनगर और उत्तरकाशी के गाजणा क्षेत्र की बड़ी आबादी को जोड़ने वाले डोबरा-चांठी पुल की कुल लंबाई 725 मीटर है। इसमें सस्पेंशन ब्रिज 440 मीटर लंबा है। इसमें 260 मीटर आरसीसी डोबरा साइड और 25 मीटर स्टील गार्डर चांटी साइड है। पुल की कुल चौड़ाई सात मीटर है, जिसमें मोटर मार्ग की चौड़ाई साढ़े पांच मीटर है। जबकि फुटपाथ की चौड़ाई 0.75 मीटर है। पुल बनने के कारण प्रतापनगर ब्लॉक की दो लाख से ज्यादा की आबादी को सबसे ज्यादा फायदा होगा और नई टिहरी से महज डेढ़ से दो घंटे में प्रतानगर पहुंचा जा सकेगा। अभी पुल न बनने के कारण चार से पांच घंटे का सफर तय कर नई टिहरी से प्रतापनगर पहुंचा जाता है।
यह भी पढ़े