शहर में गंदगी फैलाने वाले बेशर्म घोषित
देहरादून, VON NEWS: नगर निगम की ओर से शहर को स्वच्छ रखने के लिए चलाए जा रहे ‘बेशर्म व्यक्ति’ होने का प्रमाण-पत्र अभियान के अंतर्गत शहर में आधा दर्जन प्रतिष्ठानों के चालान किए गए। इन प्रतिष्ठानों के बाहर बाकायदा ‘बेशर्म व्यक्ति’ के स्टीकर चस्पा किए गए। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने कार्रवाई से बचने के लिए व्यापारियों से प्रतिष्ठान के बाहर डस्टबिन रखने की अपील की है।
नगर निगम की ओर से मंगलवार से इस अनोखे अभियान की शुरुआत की गई थी। इसमें आपको शर्मिंदगी भी झेलनी पड़ेगी व सामाजिक रूप से बदनामी भी होगी। इसके तहत आपकी दुकान या प्रतिष्ठान के बाहर स्टीकर लगाया जा रहा। जिसमें लिखा होगा कि ‘प्रमाणित करता हूं कि मैं बेशर्म व्यक्ति हूं, गंदगी में रहता हूं व गंदगी फैलाना मेरी आदत है। मैं शीघ्र सार्वजनिक गंदा व्यक्ति होने का प्रथम पुरस्कार प्राप्त करूंगा।’
यह स्टीकर लगाने के बाद निगम की टीम उक्त प्रतिष्ठान के बाहर फैली गंदगी की फोटो भी लेगी। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय के आदेश पर मंगलवार से शुरू हुई कार्रवाई में पहले दिन केएफसी, डोमिनोज और ओपल लांज व जिंजर ग्रेप्स रेस्टोरेंट समेत पांच को नोटिस जारी किया गया था। साथ ही गंदगी का प्रमाण-पत्र भी इन प्रतिष्ठानों के बाहर नगर निगम टीम ने चस्पा किया था।
निगम टीमों ने बुधवार और गुरुवार को भी अपनी कार्रवाई जारी रखी। निगम के सफाई निरीक्षक राजबीर सिंह समेत पुष्पा असवाल, मनीष दरियाल व विश्वनाथ सिंह चौहान ने अलग-अलग मार्गों पर कार्रवाई की। इसमें राजपुर रोड पर जाखन में शराब की दुकान के पास भूसा स्टोर, आरटीओ के सामने तीन दुकानों समेत राजपुर रोड स्थित सिंह सूप बार व पंजाबी ढाबे पर कार्रवाई की गई।
निगम टीमें सुबह व शाम को यह कार्रवाई कर रहीं। जिस दुकान या प्रतिष्ठान के बाहर कूड़ेदान रखा नहीं मिलेगा व जहां गंदगी फैली होगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उसका 500 रुपये का चालान किया जाएगा।
यह भी पढ़े