बेटी की शादी में मां ने नहीं बंटने दी शराब

घाट,VON NEWS: घाट ब्लॉक के बाजबगड गांव की देवेश्वरी देवी ने अपनी पुत्री की शादी में शराब का बहिष्कार कर मिसाल कायम की। उन्होंने शादी के निमंत्रण पत्र में ही नशामुक्ति का संदेश दे दिया था। उनके इस फैसले के बावजूद शादी धूमधाम से संपन्न हुई। विवाह समारोह में पूरा गांव उत्साह के साथ शामिल हुआ।

क्षेत्र में शराब के बिना संपन्न होने वाली यह पहली शादी है।  घाट क्षेत्र में शराबबंदी को लेकर पिछले साल महिलाओं ने लंबा आंदोलन किया था। शराब की दुकान में तालाबंदी के बाद कई दिनों तक तहसील में धरना-प्रदर्शन किया था। महिलाओं का यह आंदोलन रंग ला रहा है। आंदोलन में सक्रिय रही देवेश्वरी देवी ने शराबबंदी की शुरुआत अपने घर से कर दी है।

महिलाओं में खासा उत्साह

देवेश्वरी देवी और  त्रिलोक सिंह बिष्ट की बेटी प्रियंका की शादी 28 और 29 फरवरी को जोशीमठ सेलंग निवासी प्रवीन के साथ हुई। देवेश्वरी देवी ने शादी में शराब न परोसने का संकल्प लिया और इसे पूरा भी किया। कहीं भी किसी तरह की शराब नहीं परोसी गई। क्षेत्र में पहली बार शराब के बिना शादी संपन्न होने पर महिलाओं में खासा उत्साह दिखा।

ग्राम प्रधान बीना देवी, समाजसेवी कलावती देवी, पूर्व प्रधान मंजू देवी, महावीर सिंह, सुदर्शन नेगी लखपत सिंह, राजेंद्र सिंह, कुंदन सिंह, धनसिंह, मोहन सिंह सहित सभी ग्रामीणों ने इस कदम का पूरा समर्थन किया। सभी ने कहा कि शुभ कार्यों में शराब का प्रचलन काफी बढ़ गया है। इसको रोकने के लिए इसी तरह के कदम उठाने की जरूरत है।

यह भी पढ़े

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button